PM Kisan Yojana: देश के करोड़ों अन्नदाताओं के लिए केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि योजना किसी बड़े सहारे से कम नहीं है। खेती-किसानी के छोटे-मोटे खर्चों को पूरा करने के लिए सरकार हर साल किसानों के बैंक खातों में सीधे 6,000 रुपये भेजती है। लेकिन जैसे-जैसे योजना आगे बढ़ रही है इसके नियमों को लेकर कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या एक ही घर में पिता और बेटे दोनों इस योजना का फायदा उठा सकते हैं?
परिवार की परिभाषा और सरकारी नियम
अक्सर गांवों में देखा जाता है कि जमीन पिता के नाम होती है लेकिन खेती बेटा कर रहा होता है, या फिर दोनों के नाम अलग-अलग जमीनें होती हैं। नियमों की बात करें तो पीएम किसान योजना के अंतर्गत ‘परिवार’ का मतलब पति, पत्नी और उनके नाबालिग बच्चों से है।
अगर पिता और पुत्र एक ही राशन कार्ड या एक ही संयुक्त परिवार का हिस्सा हैं और एक ही जमीन पर खेती कर रहे हैं, तो उनमें से केवल एक ही व्यक्ति इस किस्त का हकदार होगा। सरकार का साफ कहना है कि इस योजना का उद्देश्य प्रति परिवार आर्थिक मदद पहुंचाना है, न कि प्रति व्यक्ति। अगर पिता और पुत्र दोनों अलग-अलग जमीन के मालिक हैं और उनके राजस्व रिकॉर्ड (खतौनी) अलग हैं तभी दोनों के आवेदन पर विचार किया जा सकता है। लेकिन अगर जमीन एक ही है, तो दोनों को लाभ मिलना मुमकिन नहीं है।
